Skip to main content

अफगानिस्तान का दावा: पाकिस्तान के अस्पताल पर हमले में 400 लोग मरे

समाचार सारांश

  • अफगानिस्तान के काबुल स्थित नशा मुक्ति अस्पताल पर पाकिस्तान के हवाई हमले में कम से कम 400 लोगों के मारे जाने का दावा अफगान अधिकारियों ने किया है।
  • पाकिस्तान ने अस्पताल पर हमला करने की बात से इनकार करते हुए कहा है कि लक्ष्य सैन्य संरचना और गोला-बारूद भंडारण था।
  • संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने अफगान तालिबान से आतंकवाद के खिलाफ प्रयास तीव्र करने का आह्वान किया है।

काबुल। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में नशा मुक्ति के लिए बनाए गए अस्पताल पर पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमले में कम से कम 400 लोगों के मारे जाने का दावा अफगान अधिकारियों ने किया है। हालांकि पाकिस्तान ने अस्पताल पर कोई हमला नहीं होने की बात कही है।

अफगान सरकार के उप प्रवक्ता हम्दुल्लाह फिटरत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि रात लगभग 9 बजे पाकिस्तान ने दो हजार बेड वाले ओमर एडिक्सन ट्रीटमेंट अस्पताल पर हमला किया, जिससे अस्पताल का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया। उनके अनुसार इस हमले में अब तक कम से कम 400 लोगों की मौत हुई है और लगभग 250 लोग घायल हैं। आग बुझाने और मलबे से शव निकालने के लिए बचाव दल लगाए गए हैं।

अफगान सरकार के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि अस्पताल और नागरिक संरचनाओं को लक्षित कर हमलावरों ने मानवता के खिलाफ अपराध किया है और उन्होंने पाकिस्तान की कड़ी निंदा की है।

पाकिस्तान का खंडन

वहीं पाकिस्तान ने अस्पताल पर हमले के आरोप को सिरे से खारिज किया है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने कहा कि काबुल में किसी भी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया। अल-जज़ीरा के अनुसार पाकिस्तान ने अफगान आरोपों को “गलत और लोगों को भ्रामक जानकारी देने वाला” करार दिया है।

पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने जारी बयान में कहा कि सोमवार को अफगानिस्तान के काबुल और नंगरहार प्रांत के विभिन्न स्थानों पर किए गए हवाई हमले सैन्य संरचना, तकनीकी उपकरण भंडारण स्थान और गोला-बारूद के गोदामों को निशाना बना कर किए गए थे। मंत्रालय ने दावा किया कि हमले अत्यंत सावधानी से किए गए और कोई नागरिक संरचना प्रभावित नहीं हुई।

सीएनएन के अनुसार स्थानीय टीवी चैनलों द्वारा प्रकाशित वीडियो में सुरक्षाकर्मी चोटिल और मृतकों को टॉर्च की रोशनी में बाहर निकालते और दमकलकर्मी मलबे के बीच आग बुझाते दिख रहे हैं।

इसी बीच, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने अफगानिस्तान के तालिबानी शासकों से आतंकवाद के खिलाफ अपनी तत्परता को तीव्र करने की अपील की है। परिषद ने सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव में सभी प्रकार की आतंकवादी गतिविधियों की निंदा की है।

पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान पाकिस्तानी तालिबान समेत कई उग्रवादी समूहों को आश्रय देता है, जबकि काबुल इस आरोप से इनकार करता रहा है।

फरवरी के अंत से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा है। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान द्वारा अफगानी क्षेत्र में किए गए हवाई हमले के बाद सीमा पार हमले का आरोप लगाया है। तब से दोनों पक्षों के बीच लगातार झड़पें और हवाई हमले हो रहे हैं। पाकिस्तान ने कहा है कि अफगानिस्तान के साथ “खुला युद्ध” की स्थिति है।

window.fbAsyncInit = function () {
FB.init({
appId: ‘280041239029772’,
xfbml: true,
version: ‘v2.7’
});
};

(function (d, s, id) {
var js, fjs = d.getElementsByTagName(s)[0];
if (d.getElementById(id)) {
return;
}
js = d.createElement(s);
js.id = id;
js.src = “https://connect.facebook.net/en_US/sdk.js”;
fjs.parentNode.insertBefore(js, fjs);
}(document, ‘script’, ‘facebook-jssdk’));