श्रीलंका में एक व्यक्ति के मूत्राशय से 3.1 किलोग्राम वजनी विशाल पथरी निकाली गई

श्रीलंका में चिकित्सकों ने एक व्यक्ति के मूत्राशय से लगभग 3.1 किलोग्राम वजन वाली पथरी निकाली है। उनका दावा है कि यह अब तक मूत्राशय से निकाली गई सबसे बड़ी पथरी है। यह शल्यक्रिया पिछले सप्ताह श्रीलंका के पूर्वी क्षेत्र के ट्रिन्कोमाली स्थित अस्पताल में की गई थी। मरीज मस्तिष्काघात के बाद अस्पताल में भर्ती हुए थे। उनकी उम्र 55 वर्ष बताई गई है। उपचार के दौरान उन्हें पेशाब निकालने में समस्या होने पर चिकित्सकों ने मूत्राशय में पथरी होने का पता लगाया।
शल्यक्रिया के जरिए निकाली गई ये पथरी नवजात शिशु के वजन के बराबर और ऑस्ट्रिच के अंडे के आकार की थी। “उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार यह अब तक शल्यक्रिया के माध्यम से निकाली गई सबसे बड़ी मूत्राशय की पथरी है,” शल्यक्रिया के प्रमुख डा. प्रहलहन बालकृष्णन ने कहा। चिकित्सकों ने बताया कि मरीज की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति अच्छी है और अस्पताल में अन्य समस्याओं का इलाज किया जा रहा है।
डा. बालकृष्णन ने अनुमान लगाया कि यह पथरी मरीज के मूत्राशय में पाँच से दस वर्ष तक रह सकती है। मूत्राशय में खनिज पदार्थ जम कर पथरी बनते हैं। सामान्यतः मूत्राशय पूरी तरह खाली नहीं होने पर गाढ़ा पेशाब क्रिस्टल में बदल कर पथरी बन जाता है। छोटी पथरियाँ खुद ही पेशाब में घुल कर बाहर निकल सकती हैं, लेकिन एक सेंटीमीटर से बड़ी पथरियाँ अक्सर पेशाब के प्रवाह को रोक सकती हैं। इन्हें निकालने के लिए दवा या शल्यक्रिया जरूरी होती है।
चार सेंटीमीटर से बड़ी पथरी को विशाल पथरी माना जाता है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार अब तक की सबसे बड़ी मूत्राशय की पथरी 2003 में ब्राजील से निकाली गई थी, जिसकी वजन 1.9 किलोग्राम और लंबाई 17.9 सेंटीमीटर थी। पिछले सप्ताह श्रीलंका में निकाली गई मूत्राशय की पथरी लगभग 17 सेंटीमीटर लंबी थी।





