
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव एमए बेबी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नई दिल्ली स्थित भारत निर्वाचन आयोग के मुख्यालय के बाहर वामपंथी दलों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्हें हिरासत में लिया गया। उनके साथ-साथ सीपीआई (एमएल) की केंद्रीय समिति सदस्य सुचेता डे और श्वेता राज को भी हिरासत में लिया गया है।
वामपंथी दलों ने निर्वाचन आयोग के कार्यालय के बाहर संयुक्त रूप से प्रदर्शन कर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की थी। सीपीआई (एम) द्वारा जारी की गई विज्ञप्ति में प्रदर्शनकारियों की बात सुनने के बजाय पुलिस पर उनके खिलाफ बल प्रयोग करने का आरोप लगाया गया है। विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘हमें हिरासत में लिया गया है और हमें कहां ले जाया जा रहा है या कब छोड़ा जाएगा इसकी कोई जानकारी नहीं है।’
प्रदर्शन में सीपीआई (एमएल) के विभिन्न नेता, सीपीआई (एम) के नेता, सीपीआई (एमएल) की नेता कमरेड सुचेता डे, श्वेता राज, एआईसीटीयू और एआईएलएजे के कार्यकर्ता, अन्य वरिष्ठ नेता और ट्रेड यूनियन के प्रतिनिधि शामिल थे।




