
केवीसी हाउंड्स ने एचजेएनबीएल २०२६ में प्लेबक्स एरेना को ८३-७६ के अंक से हराकर अपनी चौथी जीत दर्ज की है। सौरभ श्रेष्ठ ने २२ अंक बनाकर प्लेयर ऑफ दि मैच का खिताब जीता। हाउंड्स ने ७ मैचों में ११ अंक बना कर तीसरे स्थान पर कब्जा किया है।
हिमालयन जावा नेशनल बास्केटबॉल लीग (एचजेएनबीएल) २०२६ में केवीसी हाउंड्स ने लगातार चौथी जीत हासिल की है। पहले तीन मुकाबलों में हार के बाद हाउंड्स ने जोरदार वापसी की और प्लेबक्स एरेना को ८३-७६ के अंतर से मात दी। रोमांचक मुकाबले में शुरू के दो क्वार्टर में हाउंड्स ने बढ़त बनाई, जबकि अंतिम दो क्वार्टर प्लेबक्स के पक्ष में रहे।
पहले क्वार्टर में ३१-१९ और दूसरे क्वार्टर में १८-१४ के स्कोर से हाउंड्स ने हाफटाइम तक ४९-३३ की मजबूत बढ़त बना ली थी। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में प्लेबक्स ने २२-१८ और चौथे क्वार्टर में २१-१६ का स्कोर हासिल किया, लेकिन हाउंड्स अपनी जीत बचाने में कामयाब रहे। हाउंड्स के सौरभ श्रेष्ठ ने सर्वाधिक २२ अंक बनाकर प्लेयर ऑफ दि मैच चुने गए।
शनिवार रात हुए एक अन्य मैच में गोल्डेनगेट ने कीर्तिपुर को ८७-७२ के अंतर से हराया। गोल्डेनगेट ने ६ मैचों से ५ जीत हासिल करते हुए ११ अंक जुटाए और चौथे स्थान पर बनी हुई है। नेपाल बास्केटबॉल संघ (नेबा) के तत्वावधान में हो रहे इस दूसरे संस्करण के एचजेएनबीएल में ८ टीमें प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। लीग के अंत में शीर्ष चार टीमें प्लेऑफ में प्रवेश करेंगी। इस प्रतियोगिता के विजेता को ४ लाख रूपए का नकद पुरस्कार मिलेगा, जबकि उपविजेता को २ लाख और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को १ लाख का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।





