
नासा के आर्टेमिस-२ चंद्रमा मिशन के अंतरिक्ष यात्री पूर्ण सूर्य ग्रहण का दृश्य अवलोकन कर शनिवार को पृथ्वी पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं। इस मिशन के अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा के अति निकट से अंतरिक्षयान में बैठे हुए पूर्ण सूर्य ग्रहण को देख चुके हैं और अब वे पृथ्वी वापस लौटने की प्रक्रिया में हैं। शनिवार सुबह उतरने वाले इस दल के कमांडर रेड वाइजमैन के अनुसार, ओरियन अंतरिक्षयान के चालक दल ने जो दृश्य देखा है वह अब तक किसी मानव ने नहीं देखा था। आर्टेमिस मिशन के पायलट विक्टर ग्लोबर ने कहा कि उन्होंने जो दृश्य देखा उसकी व्याख्या करने के लिए शब्द कम पड़ जाते हैं।
इस यात्रा के दौरान अंतरिक्षयान ने पृथ्वी से लगभग 2 लाख 52 हजार 756 मील अर्थात् 4 लाख 6 हजार 771 किलोमीटर की दूरी तय की, जो अब तक किसी मानव द्वारा अंतरिक्ष में तय की गई सबसे लंबी दूरी है। चंद्रमा के पीछे के भाग तक पहुंचने के बाद अंतरिक्ष यात्री और नासा के बीच लगभग 40 मिनट तक संपर्क टूट गया था। संपर्क पुनः स्थापित होने पर मिशन विशेषज्ञ क्रिस्टिना कॉच ने अंतरिक्षयान से प्रतिक्रिया देते हुए कहा – “पृथ्वी से फिर से आवाज सुनकर अत्यंत अद्भुत अनुभव हुआ।” अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी अंतरिक्ष यात्रियों से सीधे संवाद किया और इतिहास रचने पर गर्व व्यक्त किया।
अंतरिक्ष यात्री अमेरिका के पश्चिमी तट के पास प्रशांत महासागर में उतरने की उम्मीद है। नासा के एक सेवानिवृत्त अंतरिक्ष यात्री तथा अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के पूर्व कमांडर टेरी विर्ट्स ने चिंताजनक लेकिन यथार्थपरक विचार व्यक्त किए। उनका मानना है कि इस मिशन में अंतरिक्षयान के चालक दल को चंद्रमा के गुरुत्वाकर्षण बल का उपयोग करते हुए उसकी परिक्रमा करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि आर्टेमिस मिशन के अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष में बेहद दूर हैं और किसी भी आकस्मिक स्थिति में उनका बचाव करना संभव नहीं है।
नासा की विज्ञान प्रमुख डॉक्टर निकोला फॉक्स के अनुसार, अंतरिक्ष यात्रियों ने मिशन के इस महत्वपूर्ण चरण के लिए कई वर्षों तक तैयारी की है और नासा की टीम के साथ मिलकर चंद्र विज्ञान का गहन अध्ययन किया है। आर्टेमिस-२ मिशन के मुख्य सदस्य तीन अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री रेड वाइजमैन, क्रिस्टिना कॉच और विक्टर ग्लोबर के साथ एक कनाडाई अंतरिक्ष यात्री जेरेमी हैंसन भी हैं। चंद्रमा में पानी की खोज और वहां के खनिजों का अध्ययन भविष्य में मानव निवास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।





