Skip to main content

दक्षिण अफ्रीका में १३ करोड़ २० लाख वर्ष पुराने डायनासोर के पदचिह्न मिले

दक्षिण अफ्रीका के दक्षिणी तटीय क्षेत्र में १३ करोड़ २० लाख वर्ष पहले के डायनासोर के पदचिह्न पाए गए हैं। नेल्सन मंडेला विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने वेस्टर्न केप में दो दर्जन से अधिक पदचिह्नों की खोज की है। शोध से पता चला है कि ये पदचिह्न थेरोपोड्स, ऑर्निथोपोड्स और सॉरोपोड्स प्रजाति के डायनासोरों द्वारा छोड़े गए थे।

नाइस्ना के पास एक छोटे चट्टानी इलाके में मिले ये पदचिह्न दक्षिण अफ्रीका में अब तक पाए गए सबसे पुराने डायनासोर अवशेष हैं। इससे पहले वैज्ञानिक यह मानते थे कि १८ करोड़ २० लाख वर्ष पहले हुए विशाल ज्वालामुखीय विस्फोट और उससे निकले लावे ने इस क्षेत्र के सारे डायनासोर के निशान नष्ट कर दिए थे। किंतु नई खोज ने यह पुष्टि की है कि इस प्राकृतिक आपदा के बाद भी यहां डायनासोर जीवित थे और लंबे समय तक इस क्षेत्र में विचरण करते रहे।

शोधकर्ताओं ने वेस्टर्न केप के समुद्री तट पर लगभग ४० मीटर लंबा और ५ मीटर चौड़ा एक छोटा चट्टानी हिस्सा खोजकर वहां दो दर्जन से ज्यादा पदचिह्न पाए हैं। यह क्षेत्र ज्वार-भाटा के दौरान समुद्र के अंदर डूब जाता है। इतनी छोटी जगह में इतने पदचिह्न मिले होने से उस समय यहां डायनासोरों की प्रचुर संख्या का संकेत मिलता है। वैज्ञानिकों ने वेस्टर्न केप और ईस्टर्न केप के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी कई अवशेष मिलने की संभावना जताई है।