
पाकिस्तान ने ईरान के लिए ग्वादर और कराची बंदरगाह खोलने के साथ छह नए व्यापारिक कॉरिडोर स्थापित करने की घोषणा की है। पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्रालय ने ट्रांजिट ऑफ गुड्स थ्रू पाकिस्तान आदेश 2026 के तहत इन व्यापारिक कॉरिडोरों को खोलने की सूचना दी है। इस निर्णय से पाकिस्तान को क्षेत्रीय व्यापार कॉरिडोर और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, यह आदेश पाकिस्तान और ईरान के बीच ट्रांजिट व्यापार को और मजबूत करेगा तथा क्षेत्रीय व्यापार को बढ़ावा देगा। वाणिज्य मंत्री जम कमाल ने कहा, ‘यह कदम पाकिस्तान के रणनीतिक महत्व को बढ़ाएगा और देश को क्षेत्रीय व्यापारिक कॉरिडोर तथा लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित करने में सहायता करेगा।’
विश्लेषकों के अनुसार, यह निर्णय ईरान के प्रति विश्वास बनाने की एक महत्वपूर्ण पहल है। आर्थिक विशेषज्ञ डॉ. आबिद सुलेहरी के मुताबिक, पाकिस्तान ने यह कदम संभवतः अमेरिका के भरोसे को ध्यान में रखकर उठाया है। यह निर्णय पाकिस्तान-ईरान द्विपक्षीय व्यापार में वृद्धि करेगा और क्षेत्रीय व्यापार में पाकिस्तान की भूमिका को और सशक्त बनाएगा इसकी उम्मीद की जा रही है।





