
जोसे मोउरिन्हो १३ वर्ष बाद पुनः रियल मड्रिड के मुख्य कोच बनने के अंतिम चरण में हैं। ६३ वर्षीय मोउरिन्हो को क्लब ने नए कोच के रूप में अपनी पहली पसंद बनाया है। फिलहाल वह पुर्तगाली क्लब बेनफिका के कोच हैं। सितंबर में दो साल के अनुबंध पर क्लब संभालने वाले मोउरिन्हो ने अपने भविष्य को लेकर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है। बेनफिका के शनिवार को होने वाले अंतिम मैच के बाद ही इस मामले में निर्णय लिया जाने की उम्मीद है।
मोरिन्हो के अनुबंध में अंतिम मैच के बाद १० दिन के भीतर लगभग ३० लाख यूरो चुकाकर क्लब छोड़ने का विकल्प मौजूद है। उन्होंने २०१० से २०१३ तक रियल मड्रिड के कोच रहते हुए स्पेनिश लीग, स्पेनिश कप और स्पेनिश सुपर कप जिताए थे। इस सीजन रियल मड्रिड कोई भी खिताब जीतने में असफल रहा है। ला लीगा में बार्सिलोना ने खिताब जीत लिया है, और रियल मड्रिड १४ अंकों से पीछे है। यूरोपीय चैंपियंस लीग में भी टीम क्वार्टरफाइनल से बाहर हो गई थी। इस बीच क्लब के अध्यक्ष फ्लोरेन्टिनो पेरेज़ की ओर से मोउरिन्हो के संभावित वापसी की औपचारिक घोषणा किए जाने की चर्चाएं भी हो रही हैं।





