Skip to main content

इंडोनेशिया के पूर्वी पपुआ में रहस्यमय विस्फोट, पाँच की मौत

इंडोनेशिया के पूर्वी पपुआ क्षेत्र में रविवार को हुए एक शक्तिशाली विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 20 अन्य घायल हुए हैं। पपुआ पुलिस प्रवक्ता काह्यो सुकार्निटो ने कहा, “विस्फोट का स्रोत द्वितीय विश्व युद्ध से बचा हुआ बम या मोर्टार हो सकता है।” विस्फोट में 9 घर ध्वस्त हो गए हैं और 3 लोग अभी भी लापता हैं।

स्थानीय समयानुसार रविवार दोपहर हुए इस विस्फोट ने पूरे गाँव में भय का माहौल पैदा कर दिया था। कोम्पास टीवी द्वारा दिखाई गई फुटेज में विस्फोट के साथ भारी गर्जना, आग का बड़ा गुबार उठते और उसके बाद घना धुआँ आसमान की ओर फैलते स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के नौ घर पूरी तरह तबाह हो गए। पुलिस के अनुसार विस्फोट एक स्टिल्ट हाउस यानी खम्बों पर बना घर के नीचे हुआ था।

प्रारंभिक जांच के आधार पर माना जा रहा है कि इस विस्फोट का स्रोत द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान इस्तेमाल किया गया बम या मोर्टार हो सकता है। काह्यो सुकार्निटो ने एएफपी से बात करते हुए कहा, “विस्फोट का स्रोत द्वितीय विश्व युद्ध से बचा हुआ बम या मोर्टार होने का संदेह है।” घटना के बाद खोज और बचावकार्य जारी है, और स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। तीन लोग अभी भी लापता हैं।

काह्यो के अनुसार घटनास्थल से मिले कुछ मानव अंगों की पहचान प्रक्रिया भी अभी पूरी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि कम से कम 19 लोग मामूली चोटें लेकर इलाज के तहत हैं। इंडोनेशिया में इस प्रकार के विस्फोट पहले भी हो चुके हैं। पिछले साल पश्चिम जावा प्रांत में इंडोनेशियाई सेना द्वारा निष्क्रिय हथियार नष्ट करने के दौरान खड्डे में विस्फोट हो गया था, जिसमें 13 लोग मारे गए थे।