वानकूवर स्थित बीसी प्लेस स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में घरेलू टीम कनाडा ने कतार को ६–० के विशाल अंतर से हराकर विश्व कप के इतिहास में नया अध्याय जोड़ा। कनाडा ने फीफा विश्व कप २०२६ में कतार को पराजित करते हुए पहली बार विश्व कप में जीत हासिल की है। इस जीत में जोनाथन डेविड ने हैट्रिक पूरा किया जबकि कतार के दो खिलाड़ियों को रेड कार्ड मिले। इस जीत के साथ कनाडा ने दो मैचों में ४ अंक लेकर समूह ‘बी’ में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।
सह-आयोजक कनाडा ने विश्व कप २०२६ में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बड़ी जीत हासिल की है। मैच के १६वें मिनट में साइले लारिन ने गोल करके कनाडा को बढ़त दिलाई। २९वें मिनट में जोनाथन डेविड ने गोल कर बढ़त को दोगुना किया। ३३वें मिनट में हमाम अहमद को रेड कार्ड दिखाए जाने के बाद कतार की टीम १० खिलाड़ियों में सिमट गई। पहले हाफ के इन्जुरी समय में जोनाथन ने अपना दूसरा व्यक्तिगत गोल कर कनाडा की बढ़त को और मजबूत किया।
५१वें मिनट में असिम माडिबो को भी रेड कार्ड दिए जाने के बाद कतार केवल ९ खिलाड़ियों तक सीमित हो गया और कनाडा ने इस मौके का फायदा उठाया। ६४वें मिनट में नाथन ने गोल कर कनाडा की बढ़त ४–० तक पहुंचा दी। ७५वें मिनट में कतार के मोहम्मद मना ने आत्मघाती गोल किया, जिससे बढ़त ५–० हो गई। दूसरे हाफ के अतिरिक्त समय में जोनाथन ने हैट्रिक पूरा करते हुए टीम को ६–० की शानदार जीत दिलाई। यह विश्व कप में कनाडा की पहली जीत है, क्योंकि इससे पहले खेले गए दो विश्व कपों में कनाडा ने एक भी मैच जीता नहीं था।
