Skip to main content

पेरिस में अत्यधिक गर्मी के कारण सार्वजनिक स्थानों पर शराब बिक्री पर रोक

भीषण गर्मी (हिटवेव) के कारण फ्रांस की राजधानी पेरिस के अस्पतालों में मरीजों की संख्या अत्यधिक बढ़ने के बाद प्रशासन ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और बिक्री पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। अत्यधिक गर्मी के दौरान शराब सेवन से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ बढ़ सकती हैं और अस्पतालों पर दबाव बढ़ सकता है, इसलिए प्रशासन ने यह कदम उठाया है।

प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार शुक्रवार दोपहर 12 बजे से शनिवार सुबह 7 बजे तक एवं पुनः शनिवार दोपहर 12 बजे से रविवार सुबह 7 बजे तक सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीना वर्जित रहेगा। इसी तरह, दुकानों से शराब खरीद कर साथ ले जाने (टेकअवे) की बिक्री भी शुक्रवार शाम 6 बजे से शनिवार सुबह 7 बजे तक और शनिवार शाम 6 बजे से रविवार सुबह 7 बजे तक प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि, अनुमति प्राप्त बार और रेस्टोरेंट में यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।

फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबास्टियन लेकोर्न ने भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए देश में सबसे उच्च स्तर की स्वास्थ्य चेतावनी (हेल्थ अलर्ट) जारी करने की जानकारी दी है। इस चेतावनी के साथ अस्पतालों में अतिरिक्त स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारी तैनात किए गए हैं ताकि जोखिम में मौजूद और संवेदनशील नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। पिछले कुछ दिनों से स्पेन, ब्रिटेन और फ्रांस को प्रभावित कर रही यह हिटवेव अब पूर्वी यूरोप की ओर बढ़ रही है। जर्मनी और चेक गणराज्य के मौसम विज्ञान विभागों ने भी अपने-अपने देशों में अत्यधिक गर्मी की चेतावनी जारी की है। जर्मनी में शुक्रवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि चेक गणराज्य के अधिकांश क्षेत्रों में भी अब तक का सबसे उच्च तापमान अलर्ट लागू किया गया है।