माइक्रोसफ्ट ने 4800 कर्मचारियों की छंटनी की, एक्सबॉक्स विभाग पर बड़ा प्रभाव
आईटी कंपनी माइक्रोसफ्ट ने 4800 कर्मचारियों की छंटनी करने का ऐलान किया है। यह संख्या कंपनी के कुल कर्मचारियों का लगभग 2.1 प्रतिशत है। इस छंटनी का सबसे बड़ा प्रभाव कंपनी के गेमिंग विभाग ‘एक्सबॉक्स डिवीजन’ पर देखने को मिलेगा। माइक्रोसफ्ट की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट एमी कोलमैन ने कर्मचारियों को भेजे गए संदेश में कहा है कि तेजी से बदलते आईटी उद्योग में कंपनी अब उन क्षेत्रों पर अधिक ध्यान केंद्रित करेगी, जो ग्राहकों को बेहतर लाभ प्रदान कर सकें।
इस संगठनात्मक पुनर्गठन (री-स्ट्रक्चरिंग) के तहत एक्सबॉक्स विभाग से तुरंत 1600 से अधिक नौकरियां कटौती की जाएंगी। हाल ही में एक्सबॉक्स की सीईओ बनीं आशा शर्मा ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में कहा कि कंपनी ‘एक्सबॉक्स के इतिहास की सबसे बड़ी पुनर्गठन प्रक्रिया’ शुरू कर रही है। उनके अनुसार आने वाले एक वर्ष में और 1600 नौकरियों में कटौती की जाएगी। इसके अलावा, एक्सबॉक्स के चार गेम डेवलपमेंट स्टूडियोज़—कोम्पल्शन गेम्स, डबल फाइन प्रोडक्शंस, निंजा थ्योरी और अनडेड लैब्स—को भी कंपनी के पुनर्गठन प्रक्रिया के अंतर्गत अलग किया जाएगा। सीईओ आशा शर्मा ने कहा, ‘ये परिवर्तन एक्सबॉक्स को छोटा करने के लिए नहीं हैं, बल्कि इसके बड़े भविष्य के निर्माण के लिए किए जा रहे हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘लंबे समय तक बाजार में टिके रहना ही भविष्य की गारंटी होती है, यह सोच कर कई कंपनियां असफल हुई हैं। हम उस गलती को दोहराएंगे नहीं।’
