दक्षिण अफ्रीका और मामेलोडी सनडाउन्स के मिडफील्डर जेडन एडम्स का 25 वर्ष की उम्र में असामयिक निधन हो गया है। दक्षिण अफ्रीकी पुलिस ने केपटाउन में एक घर से शनिवार सुबह उनका शव बरामद किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। खेल, कला और संस्कृति मंत्री गेटन मैकेंजी ने जेडन के निधन से देश ने एक प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी खो दिया है, बताया है।
जेडन एडम्स का निधन वर्ल्ड कप खेलने के कुछ हफ्ते बाद हुआ है। दक्षिण अफ्रीकी पुलिस ने शनिवार सुबह सेंट्रल केपटाउन के सटसेक्लुफ क्षेत्र में एक मकान से उनका शव प्राप्त किया और इस मामले में जांच शुरू कर दी है। जेडन ने वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के ग्रुप स्टेज के तीनों मैच खेले थे। उनकी टीम नॉकआउट चरण तक पहुंची थी, लेकिन राउंड ऑफ 32 में कनाडा से हार कर प्रतियोगिता से बाहर हो गई थी।
दक्षिण अफ्रीका के खेल, कला और संस्कृति मंत्री गेटन मैकेंजी ने इस बात की पुष्टि करते हुए बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीकी फुटबॉल ने एक बेहद प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी खो दिया है। पूरे देश ने एडम्स के परिवार, टीम के साथियों और प्रशंसकों के साथ मातम मनाया है। मैकेंजी ने फिलहाल जेडन की मृत्यु के कारणों को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है और मीडिया व आम जनता से संयम बरतने और अफवाहों से बचने का आग्रह किया है।
दक्षिण अफ्रीकी फुटबॉल प्लेयर्स यूनियन ने भी जेडन एडम्स के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। एडम्स ने 2022 में दक्षिण अफ्रीका के लिए अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। यूनियन ने बताया है कि जेडन ने हाल ही में 2026 के वर्ल्ड कप में भी दक्षिण अफ्रीका का प्रतिनिधित्व किया। उनका निधन परिवार, टीम के साथी, क्लब, फुटबॉल समुदाय और पूरे देश के लिए एक बड़ा नुकसान है।





