
पूर्व विजेता पोलैंड ने अमेरिका को पांच सेट के रोमांचक मुकाबले में ३-२ से हराकर वॉलीबॉल नेशंस लीग (वीएनएल) २०२६ का खिताब अपने नाम किया है। चीन के निंगबो में रविवार को संपन्न फाइनल में पोलैंड ने २-१ से पिछड़ने के बाद लगातार दो सेट जीतकर विजेता बना। फाइनल में पोलैंड ने अमेरिका को सेट स्कोर २५-२१, २३-२५, २५-२७, २५-२३, १५-१० से हराया।
सन् २०१९ से शुरू हुई वीएनएल में पोलैंड तीन बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई है। विजेता पोलैंड के टोमस फोर्नाल मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (एमवीपी) घोषित हुए। पोलैंड ने सन् २०२३ में घरेलू मैदान पर हुए पांचवें संस्करण की वीएनएल में अमेरिका को फाइनल में हराकर पहली बार खिताब जीता था, जबकि पिछले साल चीन में हुए सातवें संस्करण में इटली को हराकर दूसरी बार चैंपियन बना।
सन् २०२१ में पहली बार फाइनल में पहुंचने पर पोलैंड उपविजेता रहा था। अमेरिका अब तक चार बार फाइनल खेल चुका है लेकिन खिताब नहीं जीत पाया है। पोलैंड के अलावा रूस और फ्रांस ने दो-दो बार वीएनएल का खिताब जीता है, जबकि ब्राजील एक बार चैंपियन बना। इसी प्रकार, तीसरे स्थान के खेल में स्लोवेनिया ने जापान को ३-२ के सेट स्कोर से हराकर कांस्य पदक जीता। स्लोवेनिया ने जापान को २५-२१, २६-२८, २५-२२, २५-२२ के सेट स्कोर से मात दी। प्रारंभिक चरण में लगातार १२ मैच जीतने वाला जापान चीन को हराकर सेमीफाइनल तक पहुंचा था, लेकिन अमेरिका के खिलाफ हार के बाद फाइनल में जगह नहीं बना सका और तीसरे स्थान के मैच में भी जीत दर्ज नहीं कर पाया।





