
जापान में जारी 20वें एशियाई खेलों के पुरुष क्रिकेट मुकाबले में नेपाल ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराया है। अफगानिस्तान द्वारा निर्धारित 103 रन के लक्ष्य को नेपाल ने 17.2 ओवर में 5 विकेट खोकर पूरा किया। नेपाल के सन्दीप जोरा ने 34 रन बनाए जबकि रोहित पौडेल ने अविजित 33 रन का योगदान दिया।
यह मैच जापान के आइची प्रांत के निशिन में स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में आयोजित किया गया था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे अफगानिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट गंवाकर सिर्फ 102 रन बनाये। अफगानिस्तान के फैसल शिनोजादा ने सर्वाधिक 33 रन जोड़े। नजीबुल्लाह जादरान ने 30 और नंगेलिया खरोटे ने 17 रन बनाए। नेपाल के कुशल भुर्तेल ने 4 विकेट लिए जबकि ललित राजवंशी ने 3 विकेट अपने नाम किये।
नेपाल समूह ‘ए’ में अफगानिस्तान और जापान के साथ शामिल है। गुरूवार को हुए पहले मैच में अफगानिस्तान ने जापान को हराया था। अब नेपाल शनिवार को जापान से मुकाबला करेगा। समूह से शीर्ष दो टीमें क्वार्टरफाइनल में प्रवेश करेंगी। उस चरण में नेपाल का मुकाबला भारत या श्रीलंका में से किसी एक टीम से होगा। पिछले एशियाई खेलों में भी नेपाल क्वार्टरफाइनल में भारत से पराजित हुआ था।





