Skip to main content

दक्षिण अफ्रीका में दो अलग-अलग गोलीबारी में २७ लोगों की मौत

दक्षिण अफ्रीका में दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं में कम से कम २७ लोगों की जान चली गई और २६ लोग घायल हुए हैं। जोहान्सबर्ग के पश्चिमी क्षेत्र में शनिवार रात एक बार में हुई गोलीबारी में १७ लोगों की मौत हुई है, वहीं इसमें १५ लोग घायल हुए हैं। मृतकों में १३ पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, लगभग आठ बन्दूकधारी ने हमला किया था। उन्होंने बार में मौजूद कुछ ग्राहकों की तलाशी ली और मोबाइल फोन समेत अपने कब्जे में लेकर दो अज्ञात वाहन लेकर फरार हो गए। यह घटना स्थानीय समयानुसार शनिवार रात लगभग ७:३० बजे हुई। पुलिस ने कहा है कि हमले का उद्देश्य अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। फरार होने से पहले संदिग्धों ने दो वाहनों में आगजनी भी की। घटना में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए जांचकर्ताओं और विशेष पुलिस बल को तैनात किया गया है।

वहीं दूसरी ओर, केप टाउन के बाहर एक टाउनशिप के मनोरंजन स्थल में रविवार सुबह हुई एक अन्य गोलीबारी में १० लोगों की मौत और ११ लोग घायल हुए हैं। दक्षिण अफ्रीका में कानूनी और गैरकानूनी दोनों प्रकार के हथियारों का व्यापक रूप से उपयोग होता है। वहां गिरोहों के बीच संघर्ष और अनौपचारिक व्यवसायों की प्रतिस्पर्धा के कारण गोलीबारी की घटनाएं होना आम बात है। छह करोड़ बीस लाख की जनसंख्या वाले दक्षिण अफ्रीका में विश्व के उच्चतम हत्या दरों में से एक दर्ज की जाती है। देश में प्रतिदिन औसतन लगभग ६० लोगों की हत्या होती है। इस वर्ष मार्च में जोहान्सबर्ग के हिंसाग्रस्त इलाकों में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस ने सेना की सहायता ली थी। राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने बढ़ते अपराध को देश के मुख्य चुनौतियों में से एक बताया है।