Skip to main content
Advertisement1200×100-inside-1

सिड्नी विमानस्थल में कर्मचारी हड़ताल की घोषणा

सिड्नी। सिड्नी विमानस्थल से शुक्रवार यात्रा करने वाले यात्रुओं को सुरक्षा जांच में संभावित देरी का सामना करना पड़ सकता है। विमानस्थल पर सुरक्षा जांच की जिम्मेदारी निभाने वाली सर्टिस कंपनी के सैकड़ों कर्मचारियों ने वेतन और रोजगार की शर्तों को लेकर विवाद के कारण 16 अक्टूबर शुक्रवार को हड़ताल करने का ऐलान किया है। ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन (टीडब्ल्यूयू) के अनुसार, यह हड़ताल सुबह 6 बजे से 10 बजे तक और शाम 5 बजे से 9 बजे तक चलेगी। यह हड़ताल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल दोनों पर लागू होगी।

कर्मचारियों ने पूर्णकालिक रोजगार के अवसर बढ़ाने, काम के शेड्यूल को न्यायसंगत बनाने और अंशकालिक कर्मचारियों के काम के घंटों में कटौती रोकने की मांग की है। यूनियन के मुताबिक, कर्मचारी अनिश्चित कार्य तालिका और रोजगार की असुरक्षा से प्रभावित हैं। यूनियन ने बताया कि सिड्नी विमानस्थल बड़ी आर्थिक सफलता हासिल कर रहा है, ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले कर्मचारियों को उचित वेतन और सुरक्षित रोजगार प्रदान किया जाना चाहिए।

टीडब्ल्यूयू के राष्ट्रीय सचिव माइकल केन ने आरोप लगाया कि विमानस्थल ने ठेकेदार कंपनियों पर लागत कम करने का दबाव डाला है, जिससे कर्मचारियों के वेतन और सुविधाओं पर असर पड़ा है। सिड्नी विमानस्थल के प्रवक्ता ने कहा कि वह शुक्रवार की औद्योगिक कार्रवाई से परिचित हैं और यात्रुओं पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने के लिए संबंधित पक्षों के साथ सहयोग कर रहे हैं।

विमानस्थल ने यात्रियों को अतिरिक्त समय निकालने और अपनी एयरलाइन से आने वाली सूचनाओं पर ध्यान देने की सलाह दी है। संबंधित पक्षों के साथ वार्ता जारी है, इसलिए हड़ताल की स्थिति में बदलाव हो सकता है। इसलिए शुक्रवार को सिड्नी विमानस्थल से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी उड़ान संबंधित जानकारी एयरलाइन के ऐप या आधिकारिक सूचनाओं के माध्यम से जांच कर, आवश्यकतानुसार विमानस्थल पर समय से पहले पहुंचने की योजना बनानी चाहिए।