
कुवैत और सऊदी अरब मलेशिया में सम्पन्न हुए आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप एशिया सब-रिजनल क्वालीफायर के विजेता बने हैं। सब-रिजनल क्वालीफायर ‘ए’ से कुवैत, बहरीन और कतर तथा ‘बी’ से सऊदी अरब, हांगकांग और मलेशिया 2027 के एशिया क्षेत्रीय फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे हैं। क्षेत्रीय फाइनल से 2028 के आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप ग्लोबल क्वालीफायर में प्रवेश करने वाली टीम का फैसला होगा, जबकि नेपाल सीधे ग्लोबल क्वालीफायर में खेलेगा।
कुवैत और सऊदी अरब ने आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप क्वालीफायर के तहत एशिया सब-रिजनल क्वालीफायर में शीर्ष स्थान हासिल किया है। दोनों टीमों ने मलेशिया में संपन्न क्वालीफायर प्रतियोगिता में खिताब जीतकर 2027 में होने वाले एशिया क्षेत्रीय फाइनल में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित की है। सब-रिजनल क्वालीफायर ‘ए’ में कुवैत प्रथम, बहरीन द्वितीय और कतर तृतीय स्थान पर रहे। ये तीनों टीमें क्षेत्रीय फाइनल में भाग लेंगी। वहीं, सब-रिजनल क्वालीफायर ‘बी’ में सऊदी अरब प्रथम, हांगकांग द्वितीय और मेजबान मलेशिया तृतीय स्थान पर रहे।
दोनों क्वालीफायर प्रतियोगिताओं से कुवैत, बहरीन, कतर, सऊदी अरब, हांगकांग और मलेशिया 2027 के एशिया क्षेत्रीय फाइनल में प्रतिस्पर्धा करेंगे। क्वालीफायर ‘ए’ में कुवैत के एडनान इदरीस को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया है, जबकि क्वालीफायर ‘बी’ में मलेशिया के विरानदीप सिंह को यह सम्मान मिला है। कुवैत के कप्तान मोहम्मद अस्लमह ने खिताब जीतना अपनी टीम के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि स्पष्ट रणनीति, अनुशासित तैयारी, खिलाड़ियों पर विश्वास और मजबूत टीम संस्कृति के कारण सफलता मिली। सऊदी अरब के कप्तान वाजी उल हसन ने इसे अपनी देश की क्रिकेट इतिहास की एक ऐतिहासिक उपलब्धि करार देते हुए कहा कि पहली आईसीसी प्रतियोगिता का खिताब जीतना टीम की मेहनत और समर्पण का प्रतिफल है।
मलेशिया के क्वालालंपुर स्थित बायोमास ओवल, यूकेएम ओवल और एसटीसी ओवल में दो भिन्न प्रतियोगिताओं के अंतर्गत 13 टीमों ने 36 मैच खेले। अब क्षेत्रीय फाइनल से 2028 के आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप के ग्लोबल क्वालीफायर में भाग लेने वाली टीम का चयन होगा। वहीं, नेपाल सीधे ग्लोबल क्वालीफायर में भाग लेगा।






